कविता, कहानी, ग़ज़ल - शायरी, गीत -लोकगीत, दोहे, भजन, हास्य - व्यंग्य, भजन आरती चालीसा प्रार्थना और एवं अन्य रचनाएं साहित्य के भंडार से

बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बनारस का बुढ़वामंगल – बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' हिंदी निबंध | Banaaras Kaa Budhavaamangal

...काशी के पूर्व छोर से लेकर पश्चिम पर्यंत के प्रत्येक घाटों पर जो अनुमान ढाई-तीन कोस के विस्तार में होंगे, काशिराज और नगर प्रतिष्ठित महाजनों से लेकर, मदनपुर के जुलाहों तथा श्मशान के डोमड़ों तक की नौकाएँ निज शक्ति और श्रद्धा के अनुसार सुसज्जित देख पड़ने लगीं। संख्या भी उनकी और वर्षों की अपेक्षा अधिक है। कोई पटैले पर बाँसों के ठाट ठाटे हैं, तो कोई घटहा पाटे हैं, कोई बजड़े पर झाड़-फानूस की सजावट कर नाच-वाच देखता, तो कोई मोरपंखी सजाए अपना अखाड़ा ला खड़ा किए हैं, किसी ने कोई छोटा-मोटा कटर भाड़े कर रंगीन चोब वा तूल लपेटकर गोटे को लहरिया देकर झालरदार चाँदनी तान, चार ठो हाँड़ी नांद जलाकर उजाला किए अपनी सूरत और झलामल कपड़ों की सजावट ही दिखाता घूमता, तो कोई एक पनसुही पर सबार नाचवाली नौकाओं की ताक में डोलता फिरता, मानो मेले में भिक्षा सी माँग रहा है। विशेषतः काशी के बड़े नाम और घराने वाले महाजन और रईस प्राय: इसी श्रेणी में रहा करते हैं, क्योंकि गाँठ से रुपया खर्चा जाता नहीं और फिर शौक़ इतना कि बिना मेला देखे भी नहीं रहा जाता। कोई साल भर तक इसी लालसा से थानेदारों से साहब सलामत किए, मुफ़्त में पुलिस की किस्ती पर चढ़े मेले का प्राण सा निकालते घूमते हैं। कोई दो-चार लैंप जलाए दस-पाँच कुर्सी बिछाए काली पतलून और जाकिट जमाए गड्डामियरी सूरत बनाए, मुँह में चुरुट सुलगाए, धुँआ कस की समा लाए, गिटपिट-गिटपिट अँग्रेज़ी बोलते, साहिब लोगों का स्वांग सजाए, अपना ही तमाशा ओरों को दिखला रहे हैं। कोई एक लालटेन बीच में रखे बिसात बिछाए, शतरंज के मुहरों के कटने के रंज में डूबे रात काटे डालते, तो कोई ताश के पन्ने प्रारब्ध के पत्र से उलट रहे हैं। कोई गनीमत का मौका हाथ आया देख अचानक अपने यार वफ़ादार को पाकर किसी अकेली किश्ती के कोने में एक एक्के की ज्योति में उस दिलवर के नूरानी मसहफ़े रुख़सार को कुरान शरीफ़ के समान ध्यान लगाए मानो पढ़ रहा है, और उसके हर ख़तों ख़ाल पर गुलिस्तां और वोस्तां को वार फेरकर फेंकता, शेष संसार को निस्सार जान मेले से माँगता, भगवान की विलक्षण रचना चातुरी के पहचानने में असमर्थ हो तन्मय दशा को प्राप्त हो रहा है, जिसकी आँखों में यह मेला केवल एक निर्जन वन से सादृश्य रखता है। कहीं मिलकर लोढ़ियाँ बजती घोर किसी डोंगी पर बूटी छनती, कहीं गाँजे की दम लगती और तान उड़ती है। कहीं होली ने जलते भट्टे पर छनाछन पूरियाँ निकालते 'गरमागरम कचौड़ी मसालेदार' चिल्लाते धुआँ-धक्कड़ मचाते, हलवाई लोग अपनी दूकान की नौकाएँ बढ़ाते चले जाते और भूखे परदेशी मेला देखने वाले शिकारी कुत्ते के समान अपनी नोका दौड़ाए लपक रहे हैं। कहीं बनारसी गुंडे और अक्खड़ों की बोली ठोलियाँ उड़ती—या सिंघा? —'अचूका तो राजा'—'और कैसन दवल जात होव:'—'कहाँ तोहरे नावै के तो कट्टर भिड़ोले चलल आवत हुई।' 'रंग है झज्झर इतो भारी भर्राटे के आवाज़ छैड़ल्यः।’ कहीं कोई चिल्लाता है कि 'तनिक रोकले रह: होः। नाव बढ़ जायद्य:'—'अरे काहे झूरे नाव नाव चिचियायेल्य: बच्चू अबहिए जहाँ चार डांड कसलीं कि पल्ले पार के दिहल।'



'देखत होअ: कि नाहीं बे रंगे बोली बोलत डोंगी सटोले चलल आवत बाड़ै, सूझत नई नाही जनते कि हमन बड़े-बड़े गुण्डन के चेहरा बिगाड़ दिहले हुई।' किसी नाव पर रंडिया विविध भाव बतला-बतलाकर गा रही हैं—



चलो सखी रे, मलिया की बगियाँ हो रामा।



फुलवा में वीनी हो भरल्यू चगेरिया हो रामा०।



आय गयलो रे मलिया रखवरवा हो रामा।



बस, इसका भाव जिसने देखा, वही जाने।



इत्यादि-इत्यादि बनारस की अनोखी लयदारी के संग इस चैती गान की तान इस प्रेसमय भी राग रसिकों के कान में क्या काम करती है, यह केवल अनुभव का विषय है। कहीं कथक थिरकते तो कहीं कलावंत, भाँड रागिनी गाकर माड़वारियों को भी मस्त किए देते, कहीं भाँडों की तालियाँ बजती तो कहीं कव्वालों की नक़ल होती, कहीं गँवार लोग तन भड़-भड़ लगाए, तो कहीं जोगीड़े होली मचाए भड़तल्ले की ताल पर ललकार रहे हैं।



बस, इसी हेर-फेर और सोच-विचार में प्रभात बात बहने लगा, पूर्व दिशा अपने प्रिय प्रभाकर को पाकर मंद-मंद मुस्कुराना आरंभ करने लगी। लज्जावश ज्यों-ज्यों तारावलियों ने अपना मूँ छिपाना आरंभ किया कि इधर फ़र्राश लोग नौकाओं के झाड़-फानूस को बत्तियाँ भी बुझा चले। जिस तम को ये असंख्य ज्योतियाँ न दूर कर सकी थीं, भगवान भास्कर की दो-चार किरनों ने आकर नाश कर दिया। अब कुछ और ही शोभा हो चली, रात बीत गई, दिन दिखलाई देने लगा, उजेले में दूर-दूर की भी हर ओर नौकाएँ पहचान पड़ने लगीं। घाट छोड़ नौकाओं के झूमड़ धारा में पड़ चले, सब राग-रागिनियों का गाना बंद हुआ! अब केवल भैरवी ही राग का सनाका सुर सारे सुरसरिघार पर सुनाई दे रहा है।...अपने लोग भी उठे और अपनी नौका हटा, घाट की ओर प्रस्थान किया।



आहा आहा हा! उत्तरा विमुख होते ही मानो उत्तराखंड ही में पहुँच गए। जहाँ तक दृष्टि दौड़ती है, एक अद्भुत पवित्र दृश्य दृष्टिगोचर हो रहा है, मानो आज काशी कैलास का विलास कर रही है। श्री मंदाकिनी के सुचिक्करण शिलासोपान विनिर्मित विशाल घाटों के ऊपर प्रस्तरमय असंख्य सप्तभूमि हर्म्य, प्रासाद और मंदिर पर्वत श्रेणी के समान अनुमान होते, जिनकी सुधा धवलित अट्टालिकाएँ और संगमरमर के बँगले हिमाचल के हिमाच्छादित शृंग की सी शोभा धारण किए हैं। शिवालयों के उच्चतम भाग में नभस्पर्शी स्वर्णादि धातु विनिर्मित कलश और कंगूरों के वृंद त्रिशूल धारण किए, मानो हाथ उठाए कह रहे हैं कि त्रिताप शमनकारी, त्रिजन्म पापहारी, स्थल त्रिलोक में केवल एक यही त्रिलोचन त्रिपुरारी पुरी ही है, और सुनहरी पताकाएँ फहराती साहंकार मानो आर्य धर्म के अटल राज्य के प्रकर्ष प्रताप को सूचित कर रही हैं। अनेक सुविशाल देवालयों में प्रातःकालीन अर्चन और पूजन में बजते शंख भेरी घंटा घड़ियाल का कल तुमुल दशों दिशा में व्याप्त हो मानो हमारे सनातन धर्म की विश्व विजय बधाई सी सुनाई देती है। कहीं तानपूरा, मृदंग और झांझ बजते, कीर्तन और भजन होता, जिनके द्वारों पर भैरवी-भैरवी की नौवत झड़ती, मानो इस नित्य मंगलमय स्थल को बतला भूलों को चैतन्य करती हैं, कहीं ब्राह्मणों के लड़के वेदाध्ययन करते, उद्घोषण कर रहे हैं कि सरस्वती देवी का आश्रय स्थान अब केवल यही है। गंगातट पर ब्राह्मण लोग संध्या वंदन तर्पण देवार्चनादि ब्रह्मकर्म करते, मानो इस कराल कलिकाल में भी धर्म को धैर्य-सा दे रहे हैं, और सामान्य द्विजाति अपने आर्य वेश सत्कर्म रस लखाते मानो इस तीर्थ में अद्यापि धर्म के निवास का प्रमाण सा दे रहे हैं। सामान्य जन हरहर महादेव शंकर पुकारते, मानो जिसका राज, उसकी दुहाई वाली कहावत को चरितार्थ करते।



भगवान भूतभावन भुजंगभूषण का स्मरण करते, शिवालयों में जा, जल चढ़ाते, गाल बजाते अपने जन्म-जन्मांतर के पाप-पुंज को दूर बहाते जाते हैं। कहीं स्नान कर काषाय कोपीन धारी एक हाथ में गंगाजल पूरित कमंडल लिए, दूसरे में अपना दंड ऊँचा किए, दंडी स्वामी लोग प्रशांत भाव से अपने आश्रम को जाते, मानो 'एकमेवा द्वितीयम् ब्रह्म' की शिक्षा सी देते जाते। कहीं सुर सरिता के निर्मल और सुशीतल सलिल में कुलवधू सुकुमारी सुमुखियाँ स्नान करती, देवताओं के मन को भी हरतीं, यह निश्चय कराती कि मानो चतुर चतुरानन ने काशी को गलियों में मुक्ति को यों ठोकर खाते देख, उसकी रक्षा के लिए इस अवरोधक कुलाहल की सृष्टि की है। जिनके सहज सलज्ज रहन-सहन को देख रात भर के देखे वैश्याओं के सब हाव-भाव रसाभास से अनुमान होता और मन मान लेता कि ठीक है, इसीलिए साहित्याचार्यों यथार्थ प्रतिष्ठा स्वकीया ही नायिका को दी गई है। वे अपने बहुमूल्य वस्त्रालंकार और दान-दक्षिणा देती स्थिर भाव से रहती हैं। एवं निज नित्य नैमित्तिक कर्म से अवकाश पाकर झुंड के झुंड ब्राह्मणों तथा संन्यासियों का क्षेत्रों में भोजनार्थ जाना, मानो भगवती अन्नपूर्णा के साक्षात् विद्यमान होने को प्रमाणित कर रहा है। आहा, धन्य यह काशी है कि जहाँ कुबेर के समान कितने ही धनवान और शेष के सदृश कितने ही विद्वान्, असंख्य भक्त महात्मा और तपस्वी अब भी निवास करते हैं। धन्य हैं, जो यहाँ सदैव निवास करते और नित्य इस आनंद को देखते। किसी ने सच कहा है :



'चना चवैना गंगजल, जो पुरवै करतार।



काशी कबहुँ न छोडिए विश्वनाथ दरबार।'



अब अपनी नौका ईप्सित घाट पर आई, हम लोग नाव से उतर गाड़ी पर चढ़े उस बिछड़े मित्र के न मिलने का पश्चात्ताप करते अपने बनारसी मित्र के साथ जा उन्हीं के घर फिर धमके।



पाँच बचे संध्या को सुस्वादु गुलाबी बूटी के रंग से फिर गुलाबी आँखें कर यार लोग श्री गंगाजी के घाट पर आ डटे। कल मंगल था, आज दंगल का दिन है, अर्थात् दिन के मध्यान्होपरांत से पुनः मेले का आरंभ होकर अर्धरात्रोपरांत समाप्त होता, और इसकी संध्या की शोभा मानो मेले भर का सारांश है, इसी से आज गंगाजी की धारा के अतिरिक्त घाट पर भी आनंद की हाट लगी है, अर्थात् जल और स्थल दोनों स्थान पर मेला जम रहा है, वरंच जो लहर आज स्थल पर है, जल पर नहीं, क्योंकि वे लोग भी, जो कि नाव पटैया के मेले में नहीं भी सम्मिलित होना चाहते, घाट पर से एक दृष्टि उसकी शोभा देखने को आ डटते, यों ही अनेक नौकारोहण-भीरु और लड़के वाले लोग तथा जिनका कहीं सुवीते से नाव का सेढ़ा नहीं लगा वा टकां निकालने में असमर्थ और उस लोग भी आकर घाटियों के तख़्ते, मढ़ी और घाट के बुर्जों को दखल कर बैठते, जिनमें प्रायः सभी प्रकार के लोग अपनी शक्ति और मर्यादा के अनुसार सुंदर वस्त्रालंकार से सुसज्जित होते हैं। बहुतेरे बनारसी नवयुवक छैले, जिनके सुंदर मुखारविंद पर कलित कामदार टोपियों से लसित घूंघरवाली काली कुंतलावलि मानो मलिंद माला सी मनोहर मालूम होती, सर्दई, संदली, शर्बती, काफ़ूरी, मोतियई, खसखसी, कपासी, गुलावासी, गुलाबा और प्याजी बनारसी दुपट्टों, जिनसे गुलाब और खस के इत्र की सुगंध फैल रही है, गले में डाले मानो बहार में खिले नाना रंग के फूलों को बहार दिखलाते तटस्थ तंबोलियों की दुकानों पर ऐंठे बैठे आँख लड़ा रहे हैं। कहीं सर्व कहीं सर्व कदों की कतार, तो कहीं चश्मि नर्गिस का दीदार, कहीं गुल रुख़ों की भरमार, तो कहीं बुलबुल से बेक़रार आशिकज़ार भाँति-भाँति की बोलियाँ बोल रहे हैं। वाह! क्या बहार है! माना इस बहार के मौसिम का यह मेला भी गुलज़ार पर बहार है। अनेक रसीले मेले का सर्वाश रस चूराते इधर से उधर डोलते फिरते, तो कितने ही किसी एक ही के मुखारविंद पर टकटकी लगाए मानो कंठगत प्राण से हो रहे हैं! न इतनी भीड़ केवल तट के तल भाग ही पर है, वरंच घाट के ऊपर के पंचतल्ले ओर सततल्ले मंदिर और महलों की अट्टालिकाओं पर भी वैसा ही नर-नारियों का समूह सुशोभित हो रहा है। विशेषतः ऊपरी भाग तो केवल सुंदरियों ही के सौंदर्य से भरा-पुरा है। अहा हा! यह भाग वौसा अद्भुत शोभा का समुद्र उमड़ रहा है! अरे, यह तो मानो ब्रह्मा की विचित्र रचना चातुरी के प्रदर्शन का मेला है, वा महाराज मनोज के मन बहलाने के लिए अपूर्व मीना बाज़ार लगाई गई है :



'नज़र आती हैं हर सूरतें ही सूरतें मुझको।



कोई आईनाख़ाना कारख़ाना कारख़ाना है ख़ुदाई का॥'



यह बुढ़वामंगल का मेला क्या वस्तुत: बुढ़वा बाबा महादेव का मंगल विवाह का मेला ही है, और यह दंगल (भारी भीड़) कदाचित् बारात वा सोहगी निकलने का समय है, जिसे देखने के लिए ये देवदारा और गंधर्व कन्याएँ अपनी ऊँची अट्टालिकाओं पर चढ़ी हैं! श्री गंगाजी की सब नौकाएँ मानो नाना बाराती देवताओं के विमान हैं, जो अभी आकाश से उतर रहे हैं, क्योंकि आगे बढ़ी यह मोर पंखा देव सेनानी भगवान् मयूर वाहन के समान इस अनुमान के यथार्थ होने का प्रमाण सी दे रही है। इस वर्ष सूर्यग्रहण के समीप होने से प्रयाग के कुंभ से लौटे साधु-संतों का उस पार भी अधिकता से आ बसने से एक नवीन जनस्थान सा बस गया है, जो मानो बुढ़वा बाबा की बारात का जनवास है, कि जिसमें भिन्न-भिन्न प्रकार के साधुओं की मंडलियाँ मानो भिन्न-भिन्न बाराती देवताओं की बराती सेना है,—यदि दंडी लोग काषाय वस्त्रधारी चोबदार कंचुक वा द्वारपाल हैं, तो परमहंस लोग पार्षद और प्रधान तथा नंगे भुजंगे विभूतिधारी नागें उस दिगंबर के खास हुज़ूरी पलटन के सैनिक समूह के समान अनुमान होते। अयोध्या के वैष्णव लोगों के अखाड़े मानो विष्णु की सेना है, और कमंडलुधारी अनेक ब्रह्मचारी और ब्राह्मण ब्रह्मा की, उनके दर्शकधनी गृहस्थ कुबेर और उनकी रक्षा के अर्थ पुलीस के कांस्टेबिल और चौकीदार यम की और अनेक अन्य-अन्य को। श्री गंगाजी में भी नौकाएँ आज अधिक हैं; क्योंकि बहुतेरी नावें आज ही पटी हैं; क्यों नहीं, आज तो दंगल (किश्तियों की कुश्ती का मेला) न है, वाह! यह महाराज काशिराज का कच्छा है कि जिससे सात कच्छे एक ही में मिलाकर पटे हैं, और बड़ा भारी देश और शाहमियाना खड़ा है, और भी सब उचित राजसी ठाट-ठटा है, झुंड की झुंड रंडियाँ बैठी हैं। यह यहीं की वनी केले के खंभे के समान मोटी मोमबत्तियाँ हैं, जो बैठकियों पर लगी हैं, पर नृत्य गान कुछ भी नहीं होता है, क्योंकि महाराज तो घुड़दौड़ (एक उत्तम नौका जिसके अग्रभाग पर दो कृत्रिम घोड़े लगे हैं) पर सवार हो आज मेला देख रहे हैं, और उसी पर गान हो रहा है। इधर-उधर के कई सुसज्जित बजड़े और मोरपंखियों पर महाराज के अन्य प्रधान पुरुष लोग भी साथ-साथ मेला देख रहे हैं। वाह! क्या विचित्र शोभा है। चुने पार्षद वर्ग और परिकरयुक्त आर्य राज वेषधारी नवीन महाराज आज कैसे शोभायमान हो रहे हैं, मानो बुढ़वामंगल अपना बुढ़वा स्वामी छोड़, नवीन को पाकर नवीन मंगल हो गया है। यह जिस मोरपंखी पर नाच हो रहा है। उस पर महाराज के ठाकुरजी विराजमान मेला देख रहे हैं। धन्य! क्या हिंदू राजा की पवित्र श्रद्धा का प्रमाण है। धन्य काशिराज! धन्य!



अब तो संध्या हो गई, चारों ओर दीपावलियाँ प्रज्ज्वलित हो गई। अपने लोग भी दशाश्वमेध घाट से घाट ही घाट घूमते आकर पंचगंगा घाट पर पहुँचे, पैर भी थक रहे, पर यह मन तनिक भी तृप्त न हुआ! कहता है कि स्थल का मेला तो ख़ूब देखा, अब जल के मेला देखने की वेला आई, अतः वहीं चलो; क्योंकि यहाँ तो अब बेवल बँधे तार वाले लोगों ही का काम है। ‘लिए फिरता है मुझको जा वजा दिल। मेरा बेहोश मेरा चुलबुला दिल।' अस्तु, फिर डोंगी पर चढ़ आगे बढ़े। वाह! यह गंगाजी में आधी दूर तक पुल कैसा बँध गया! नहीं! यह वही श्री मन्महाराज गोस्वामी श्री बालकृष्ण लालजी कांकरोली अधीश्वर का कच्छा है! ओहो! यह कितने कच्छे एक में पटे हैं? कदाचित बीस होंगे। क्योंकि दोनों ओर इसके दो नृत्यशाला बनी हैं, जिनमें एक तो श्वेत, ठीक श्री काशिराज के तुल्य और दूसरी गुलाबी रंग की एक नवीन ही छटा छहरा रही है, और दोनों के बीच में कुछ नज़रबाग़ और खुले चबूतरे की बनावट है। धन्य-धन्य यह अलौलिक रचना और समारंभ! हाँ, यह लोकोक्ति तो प्रसिद्ध ही है कि वल्लभ कुल के गोस्वामी महानुभावों के घर में सदा अचल रूप से लक्ष्मीजी ने निज निवास का वर दिया है। यह कोई आश्चर्य का विषय नहीं जबकि लक्ष्मीनाथ की रसीली लीला ही का वह स्थान है, फिर भला ऐसे लक्ष्मी कृपापात्र और जिनकी आँखों में उन्हीं की ललित लीला का ध्यान है, उनके इस लीला रचना की लीला लिखने में कैसे आ सकती है। यह कितनी मोमबत्तियाँ जला दी गई कि इतना अधिक प्रकाश हो गया! वाह, इन लाल महताबों का उँजाला तो मानो समस्त उजाले को रँगकर लाल कर दिया, और होली का दृश्य आगे आ गया है। यह विद्युत प्रभा कैसी! और यह ठीक ही विद्युत प्रभा कैसी (बिजली की रोशनी) है, जो कि कई सौ रुपये रोज़ पर कलकत्ते से मँगाई गई है। भई वाह! यह तो सबी को दवा बैठी। अहा! घाटों की अँटारियों पर तो इसने जाकर वह कार्य किया है, कि जो दिन में भी दुर्लभ था! यह प्रभा तो चंद्रमुखियों के मुख पर पड़ कुछ और ही लीला दिखलाती है। इसकी चमक की चौंधी से उनके चंचल चक्षु-चंचरीक, जो करपुंडरीक की ओट में जा छिपते, तो मानो चंद्रग्रहण सा लग जाता है। कितनी उस चमक के पड़ते ही चमककर स्वयं चंचला सी चल देती और दर्शकों के चित्त पर चंचला की चोट सो चला देती। यों ही कितनियों को इस दामिनी की चमक-दमक में अपने दामिनी की दुति को भी दबाने वाली बदन की दीप्ति के दिखाने को और भी सुबीता होता। सच तो यह है कि इस समय यह बिजली की रोशनी दूरबीन का कार्य दे रही हैं अथवा जैसे किसी सुबृहत् दृश्य के छायाचित्र की विचित्रता देखने को सूक्ष्मदर्शक दर्पण, कि बीच धारा में बैठे उस लालटेन के तनिक घुमाने से सहज ही सबकी शोभा लखाई पड़ती है।



अच्छा, चलो उसी गुलाबी कच्छे पर चलें, और वहाँ की भी छवि देखें, परंतु वहाँ तो इतनी नौकाएँ चारों ओर घेरे हैं कि पहुँचना भी कठिन है! यह किसकी किश्ती है? इसके बीच में क्या कुँवर सच्चितप्रसादजी हैं? हाँ, इधर ही तो देखते भी हैं। 'आइए आइए, बस चले आइए! कल भी आप लोग नहीं आए, कहाँ रहे?' चलो, भाई कुँवर साहिब ही की आज्ञा का प्रथम पालन हो; यह कहते जो हम लोग उनकी नौका पर जा पहुँचे, तो देखते हैं कि कई वेश्याएँ वहाँ पर नृत्य कर रही थी और उनके रूप-यौवन पर बनारसी लोग लट्टू हुए, उनकी आरसी सी स्वच्छ सूरत के आरसी में अपने बर्बादी और मिट्टी में मिलने की सूरत देख रहे हैं। वाह! यह भाँड़ लोग जो गा रहे हैं, बड़े चतुर हैं। उनके ढोटे की नाच और भाव का तो कहना ही क्या है, ख़ुदा आबाद रखे लखनऊ फिर भी गनीमत है।' अहा! अब इस ऊँचे बजड़े पर से जो कि कांकरौली वाले महाराज के गुलाबी कच्छे से सटा बँधा है, निकट से कच्छे की शोभा कुछ अपूर्व ही दीख पड़ने लगी है। उफ़! बहुत ही बड़ी नृत्यशाला बनी है! यह गुलाबी पट मंडप जिसकी ‘झालर, खंभे और जंगले आदि सब गुलाबी ही रंग के हैं, अधिकाई से उत्तमोत्तम और बहुमूल्य इतने झाड़-फानूस तथा शीशा आलात और राजसी ठाट से सुसज्जित हैं, मानो सुरेंद्र राजभवन की तुल्यता प्राप्त किया चाहता है, अथवा सहस्रों प्रज्ज्वलित दीप शिखाओं के प्रकाश से जगमगाता मानो असंख्य तारागणों से देदीप्यमान शरदाकाश की शोभा धारण कर रहा है, जिसमें मंगल, बुद्ध, बृहस्पति और शुक्र की भाँति रंग-बिरंगी महताबों का ताब और सच्चे महताब के तुल्य बिजली की रोशनी है।



जिसकी तीव्र ज्योति झाड़ और फानूसों में लगी शीशों की डाल ओर कलमों पड़कर सतरंगे असंख्य इंद्रधनुष बनाती और दर्पणों में अपना प्रतिबिंब ला वर्षा ऋतु की चंचलता की चकाचौंध लाती है, किंतु नीचे दृष्टि दीजिए, मानो वसंत का अखाड़ा वहीं उतरा अनुमान होता। न केवल कच्छे की सजावट ही गुलाबी रंग की दिखलावट, और अनेक सोने-चाँदी के फूल चंगेरों में गुलाब के फूल अधिकता से भरे हैं, वरंच उस पर बैठे सभासद स्वामी, सभ्य और सेवक सब लोग गुलाबी ही रंग की सब पोशाक पहने हैं, जिससे यही अनुमान होता है कि मानो इस चैत मास में प्रातःकाल ही गाजीपुर के उन गुलाब के खेतों में जा पहुँचे हैं कि जहाँ कोसों तक केवल गुलाब के फूलों के अतिरिक्त और कुछ नहीं दिखलाई पड़ता। भाई, इस भाँति गुलाबी रंग से रंगो महासभा किसी ने काहे को कभी देखी होगी। सच है, यह यहीं का प्रसाद है, जो कि अब के अन्य नौकाओं पर भी अधिकांश लोग गुलाबी ही रंग के कपड़े पहने देख पड़ रहे हैं, कदाचित् इस वर्ष हज़ारों थान गुलाबी रंग के रेशमी कपड़े केवल इसी मेले के कारण बिक गए होंगे तथा सहस्रों दर्जी और रंगरेज़ों का भी भला हो गया होगा। इन चाँदी की चोटी पर तने सुनहरे कामदार नमगिरे के नीचे गुलाबी कमखाब ही का बिछौना बिछ रहा है, जिसके आगे सुंदर सोने के अनेक मजलिसी साज, पानदान, इत्रदान आदि सुसज्जित हैं, और उसके नीचे हौज़ में नृत्य होता है।



क्या नगर का कोई ऐसा प्रतिष्ठित और मान्य पुरुष होगा कि जो इस समय यहाँ उपस्थित न हो? नहीं, कदापि नहीं। हाँ, जब अनेक दूर के नगर निवासी आज आकर बनारसी हो रहे हैं, तो भला बनारसी क्यों न आ उपस्थित हों। वास्तव में कैसे-कैसे धनी और मानी लोगों की इस समय यहाँ भीड़ भरी है। बड़े-बड़े बहुमूल्य वस्त्राभूषणधारी पुरुष इधर से उधर ठोकर खा रहे हैं और अनेक लखपतियों को तो कहीं बैठने का भी ठिकाना नहीं लगता है। सचमुच ऐसे समारोह की सभा तो कदाचित् बड़े-बड़े महाराजाओं के यहाँ भी न देखने में आती होगी।



इस कामदार नगरी के नीचे कामदार गद्दी मसनदों पर गुलाबी वागा पहने सातों स्वरूप श्री गोस्वामी महाराज लोगों के हैं। अहा हा! धन्य! क्या शोभा है! बीच में बड़े-बड़े अमूल्य हीरों का सरपेच लगाए और अधिकता से केवल श्वेत हीरे ही के अनेक आभूषणों से भूषित कांकरौलीपति गोस्वामी श्री बाल-कृष्ण लाल जी महाराज विराज रहे हैं। उनके पास वाले उनके ज्येष्ठ भ्राता हमारे लाल बाबा साहिब काशी के श्री गोपाल मंदिर के टिकैत गोस्वामी श्री जीवनलालजी महाराज, और शेष ब्रज, बंबई और कोटे के महाराज लोग सुशोभित हो रहे हैं, और दोनों पाशर्व में गुलाबी कमखाब के फ़र्श पर भट (अर्थात् उनके संबंधी लोग) न्यूनाधिक वैसे ही वस्त्राभूषणधारी विराजमान हैं। इन महानुभावों के मुखारविंद की शोभा ही कुछ दूसरी है, और एक अद्भुत श्री की छवि आई है। अहा! इन महाराजों के दर्शन से यद्यपि हमारे प्राचीन आर्य वेष का परिचय सा मिलता है। देखिए तो इन जवाहिरात से जगमगाते वेष के आगे आजकल की टुच्ची चाल पर कैसी घृणा होती है, मानो यह इंद्र आदि आठों दिक्पाल हैं, जो यहाँ विराजे हैं, या सप्तर्षियों की गोष्ठी है एवं उस बुढ़वामंगल की बारात की कदाचित् यही कच्छा नृत्यशाला भी है। यह दूसरा कच्छा बग़ीचे को लिए कहाँ चला गया? हाँ, आज उसी पर अंग्रेज़ों का निमंत्रण भी तो है। यह क्या पार में अग्निक्रीड़ा (आतिशबाजी) भी आरंभ हो गई! हाँ! मंगल के अवसर पर यह सामग्री भी तो आवश्यक ही है। वाह! यह धमाका, यह चर्खियाँ, यह पटेबाज़, यह टट्टी, फुलझड़ी! अहा, ये बान कैसे ऊपर जा रहे हैं! वाह, ये गंज सितारे तो टूट-टूटकर आकाश के सब सितारों यो मंद कर अपनी ही रंग-बिरंगी प्रभा फैला चले, मानो इस बुढ़वामंगल के अवसर पर सुर समूह सुमन वर्षा कर हर्ष प्रगट कर रहे हैं। यह बिजली की लालटेन क्यों इधर घुमाई गई। हाँ, दूसरे कच्छे की ओर वाह! यह तो श्वेत कच्छा देखते ही देखते अँग्रेज़ और मेमों से भर गया! अहा, इतनी दूर से भी इस विद्युत प्रभा के द्वारा समस्त दर्शनीय वस्तु यथार्थ दृष्टिगोचर होती है। साहिब, मैजिस्ट्रेट और कमिश्नर आदि सभी प्रतिष्ठित राजकर्मचारी लोग आ डटे हैं। यह भी एक अपूर्व दृश्य है! जाने दो भाई! अब इधर अधिक देखना ठीक नहीं। समय बहुत टेढ़ा है। अच्छा, अब आगे की भीड़ हट गई है, और महाराज लोग भी इधर ही देख रहे हैं! बस उचित अवसर जान, जैसे ही खड़े होकर प्रणाम किया, कि इशारे से आज्ञा हुई कि यहाँ आओ। प्रणाम करके बैठने पर कुशल प्रश्नादि सन्मान जो मुझ समान सामान्य जन के लिए अवश्य ही अपार कृपा का विस्तार था, पाकर परमानंदित मन ने मान लिया कि जो सुनते थे कि—



'शुनीदा के वुअद मानिन्दे दीदा।'



(अर्थात् सुना देने के तुल्य कब होता है) सो आज आँखों देखा।



उन दोनों बंगालिनों की बारी आई, कि जिन्हें हम लोगों ने मुग़लसराय के स्टेशन पर देखा था। वाह! इस समय तो इनका कुछ और ही बनक बन रहा है। बंगीय वस्त्रालंकार और सिंगार कुछ विचित्र ही बहार दिखा रहे हैं। इन्हें निहार चुटीले चित्त वाले प्रेमियों का अपने को वार फेरकर इन पर बलिहार जाना क्या आश्चर्य है? अब इन लीलावतियों की लीला कैसे लिखने में आए, कि जो केवल देखने ही का विषय है। वाह, इनका नाटकीय बंगला गान यद्यपि बंग भाषा से अज्ञान अनेक जनों को नहीं समझ पड़ता होगा, किंतु हाव-भाव, कटाक्ष की काट से उन्हें कौन बचाएगा? देखिए तो केवल साड़ी पहने ये इस समय नाच रही हैं, परंतु दर्शकों की आँखों से पूछिए कि वे अपनी नाच भूल कर एकटक लगाए, मानो धन्य-धन्य कहना चाहती हैं। इन मधुर अधरों से निस्मृत स्वर स्वाभाविक ही सुधास्त्रावसा श्रवणानंददाई है, फिर बंग-भाषा के माधुर्य सरस स्वाद को सौ गुना बढ़ा रही है। 'यमुना पुलीने वोशी कांदे राधा विनोदिनी।’ बलिहार! बलिहार! कहता मन जो उस रस में फँसा तो बस, फिर कुछ काल तक इसका कुछ परिज्ञान ही न रहा कि यहाँ क्या हो रहा है!



रात भी अब थोड़ी ही है, दो दिन की उनीदी आँखें अब अपना कहना भी नहीं करती, अतः खिसकना ही ठीक है। प्रातःकाल होई चुका था, डेरे पर पहुँचते-पहुँचते दिन भी कुछ चढ़ आया। नित्य कृत्य से निवृत हो जो सोए, तो संध्या को ओरों से जगाए गए। अस्तु, फिर उसी पाठ पढ़ने को चलते-चलते आठ ओर राजपाट पहुँचते नौ बजे, क्योंकि आज यहीं से आरंभ करने का विचार स्थिर हो चुका था। यहाँ से जो नौका पर चढ़कर चले, तो आज मेले की कुछ दूसरी ही शोभा लखाई पड़ने लगी, मानो मेले की दशा भी आज उस तरुणी की युवावस्था की सी है, जिसमें मनोहरता और निकाई अपनी अंतिम अवस्था पर पहुँचना चाहती है। राजघाट की ओर से सब नौकाएँ असीघाट की ओर चली जा रही हैं। ऐसा अनुमान होता कि मानो आज श्री गंगाजी अपनी धारा उलटकर पश्चिम की ओर बहा रही हैं, और प्रवाह के कारण स्वयं सब नौकाएँ उधर ही बही जा रही हैं। अथवा गंगाजी आज आकाश-गंगा हो, देवों का आकाश मार्ग (डहर) बन गई हैं, जिस पर से बुढ़वाभंगल में पाए देवताओं के विमान बरात के संग विदा होकर मानो अब दूल्हे के घर कैलाश को जा रहे हैं। अहा, ये असंख्य नौकाएँ इस शीघ्र गति से आपस में बचती-बचाती ऐसी उड़ी चली जाती हैं, कि जैसे लोटाभंटा के मेले में असंख्य पतंग उड़ाने वालों को लागडाँट से अमल आकाश में ढील की डोर पर छूटी अनेक प्रकार को रंग-बिरंगी पतंगें आपस में पेंच खाती और बचती-बचाती वेग से बढ़ी चली जाती हैं। यों ही इन नौकाओं पर प्रज्ज्वलित नाना रंग-रंजित दर्पण, वर्ण के मध्य से मोमबत्तियों और रंगबिरंगी महताबों के प्रकाश की आभा जल में पड़कर मानो एक्की-एक्की दून लगाती ऐसा अनुमान कराती, कि कदाचित् श्री गंगाजी ने अनेक रंग के असंख्य कमल खिलाए हैं! वा भगवती भागीरथी ने अपने प्रिय पति रत्नाकर के समस्त अमूल्य रत्नों का हार बनाकर निज प्रिय सखी काशी के गले में पहनाना चाहती हैं। वाह! अनेक घाटों पर भी आज रोशनी हुई है, यह तो इस समय मानो सड़क को लालटेन वा मील के पत्थरों का कार्य दे रही है, क्योंकि इस समय इनके न रहने से न तो तट, और न घाटों की संज्ञा का ज्ञान हो सकता है। यह क्या मणिकरिणका महातीर्थ है? वाह, यहाँ की रोशनी तो मानो बतला रही है कि सच्ची रोशनी बस यही है, और सब रोशनियाँ झूठी हैं! अनेक चिताएँ जल रही हैं और अनेक शव स्थान-संकोच के कारण कफ़न लपेटे पड़े हैं तथा सैकड़ों जन रोते-बिलखते लखाई पड़ रहे, मानो इस मसल की सच्चाई साबित कर रहे हैं कि—'दुनियाँ भी है क्या बलंदी सराय। कहीं ख़ूब ख़ूबी, कहीं हाय-हाय।' क्यों नहीं, मुणडमालधारी भगवान् भूतनाथ रुद्र की राजधानी काशी न है, कि जिसका नाम ही महाश्मशान है।



कदाचित् यही उनके कार्यालय का स्थल भी है, क्योंकि 'चिता भस्मा लेपी गरल असनम्' को श्मशान का निवास ही प्रिय है। सच है, सच्चे उदासीन और विशुद्ध विरक्त के रहने के योग्य इनके सिवा और कोई स्थान भी तो समीचीन नहीं है। जिसके तनिक देखने ही से विचित्र ज्ञानोदय होता और पाप का भय, तथा धर्म की चिंता होती है, इसी से श्मशान भी एक मुख्य ज्ञान का स्थान माना गया है।



धन्य काशी कि जहाँ उच्चातिउच्च तथा नीच, म्लेच्छ आदि को भी वह दृश्य देख ज्ञानलाभ करने का अवसर मिलता, पाप करते भी धर्मशिक्षा मिलती है। देखिए, आज इसी ओर कई सौ नौकाएँ, और सहस्त्रों मनुष्य गए हैं? पर क्या किसी को कुछ भी ज्ञान लाभ हुआ होगा? उन्हें कैसे ज्ञान लाभ हो, जो इधर देखते ही नहीं?



धन्य है हिंदू धर्म तथा उनके विश्वास सन्मान को कि मध्य नगर में यह प्राचीन पवित्र तीर्थ आज भी ज्यों का त्यों अपना प्रताप दिखाता वर्तमान है। नहीं तो इस अँग्रेज़ी सफ़ाई की सनक समय में इसका यों यहाँ अपने पूर्व कार्य को करते रहना कितना असंभव है, विशेषतः जब कि प्रतिवर्ष या लाट और राजप्रतिनिधियों के दृष्टिगोचर होता ही रहता है? यह क्या बारह बज गए, कि जो मंदिरों में आधी रात को नौबत बज रही है। धन्य, यह भी हम आर्यों की प्राचीन चाल है, मानो यह अब जागृतों को शयन में अतिकाल होने की सूचना दे रही है। अच्छा भाई, तनिक और शीघ्रता से रोओ। यद्यपि असीघाट अभी दूर है, पर नौकाओं का झुंड इधर घना हो चला। जान पड़ती है कि आज भी कुछ नई नौकाएँ पटी हैं।



मारुत के शीतल झकोरों के साथ हमारी नौका शीघ्रतापूर्वक अब सुसज्जित नौकाओं के बीच से होती हुई अपने निर्दिष्ट स्थान पर पहुँच गई।



यद्यपि कि उस काल का मनोरम चित्र यही कहता था कि टुक और रुको, देखो, पर कार्य अपनी आतूरता के घोड़े पर सवार, शोघ्रता से ही इस अनोरो मेले से प्रस्थान करने के लिए प्रेरित कर रहा था। अस्तु, मैं शीघ्रता से यहाँ से चलकर अपने साथियों से छुट्टी ले, मेले को प्रतिभा और सफलता का चित्र हृदयंगम किए हुए अपने आश्रितगणों से शीघ्र चलने के लिए शीघ्रता कराते हुए, जल्दी क़दम बढ़ाते हुए, मेले के अनुपम वातावरण को छोड़, आगे बढ़ता हुआ चल पड़ा।

रंग की पिचकारी – बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' हिंदी निबंध | Rang Kee Pichakaaree

‘कवि वाचन सुधा’ के पीछे ‘नागरी नीरद’ ही ने होली का नंबर निकाल लोगों को उसकी विधि बतलाई और प्राय: होलियों में वाह अपना आरंभ किया हुआ कर्तव्य करता ही जाता था। क्रमश: कलकतिए समाचार पत्र भी होली मनाने लगे; नहीं तो वे स्वदेशाचारानुसार प्राय: शारदीय पूजा ही में हँस लिया करते थे। यों देखादेखी जो लोग इधर होली में हँसने लगे, तो प्राय: निज योग्यतानुसार अपने पाठकों के मनोरंजन के हेतु भी होते रहे और अवाश्य ही कोई-कोई उनमें कृतकार्य भी हो जाते थे। यद्यपि वाह एक ही रंग में शराबोर न भी दिखलाते, तथापि उनमें कुछ सुहावाने रंग की पिचकारी के छीटों से सुशोभित लखाते ही थे। किंतु उन्हें देख कुछ लोगों ने बेरंग अथवा बेढंग रीति से भी रंग छिड़कना आरंभ किया,—ठीक उसी भाँति, जैसे कि आज कल योग अपने केशर, बक्कम, मजीठ वा किंशुक और गुलाल के लाल और पीले रंग के स्थान पर विविध रंग की विलायती नीली हरी वा बेगनी रंग की बुकनी से बने विविध विरूद्ध रंगों को फेंक न केवाल लोगों के वास्त्र ही बिगाड़ देते, वारंच देखने वालों की दृष्टि को विरूद्ध दृश्य दिखला कर बेंत खाने के योग्य कार्य करते, यों हीं कोई किसी के मुँह में बलात् कालिख लगा गले में लताड़ियों की माला पहना जूतियाँ खा जाते हैं। तद्रूप कई लोग चाहे किसी को अच्छा लगे वा नहीं, कुछ बेढंगी बातें बक देने ही में अपने को कृतकार्य मानते हैं! वास्तवा में यह ठीक नहीं, इसी से ऐसों की दशा पर अगले कवियों ने कहा है कि—“होली खेलही न जाने, वाह तो निपट अनारी!” सो यदि कोई अपने पत्र पाठकों को सुहाती हँसी ठिठोली से प्रसन्न कर सके, तो उसका होली मनाना सर्वथा उचित है, किंतु व्यर्थ किसी का दिल दुखाने वा घृणा उत्पन्न कराने से कोई लाभ नहीं। युक्त रीति पर गाली देने में भी रस आता और अयुक्त रीति पर स्तुति भी बुरी लगती है। इसी से इसमें इसका ध्यान रखना अत्यंतावाश्यक है कि जिसमें किसी को हँसी के स्थान पर रुलाई न आए। यों ही जैसे लोग कालिख आदि के व्यवाहार से किसी को कष्ट पहुँचाने ही के अर्थ होली के आने की प्रतीक्षा करते, वैसे ही कुछ लोग इसी व्याज से कुछ मर्मस्पर्शी बातें कहकर किसी से दूसरी कसर निकालने ही के लिए व्यर्थ उटपटांग बातें बक चलते हैं कि जो सर्वथा अयोग्य हैं। कुछ लोग अब एप्रिल फूल के भी फूल बनते हुए वास्तवा में अपने को फूल प्रमाणित करते हैं। क्योंकि होली-फूल जब एप्रिल फूल का परदादा हुई है तो क्यों वाह हिंदू होकर व्यर्थ क्रिस्तानों के मेले में मिलने का प्रयत्न करते हैं?



इस वार्ष भी कुछ लोगों ने होली मनाई और किसी से कुछ ठिकाने से बोली ठोली बोलते भी बन आई। जहाँ कुछ कचाई है उसके अर्थ आगामि में सुघड़ई लखाई जाने पर ध्यान रहे, व्यर्थ की ढिठाई से हँसाई कराना ठीक नहीं। क्योंकि इस बार भी देखा कि कई लोगों ने कैयों पर अयोग्य आक्रमण किए जो अनुचित थे। समान श्रेणी में भी संभ्रांत के संभ्रम का विचार अवाश्य है। गुलाल, बाप, भई, बेटे और साले को भी लगाया जाता ही है, किंतु सब को एक समान नहीं। वारंच उसमें भी भेद रहता है। बस, इसमें भी उसका ध्यान रखना चाहिए; नहीं तो केवाल जलकिटी के आधिक्य से आनंद के स्थान पर केवाल रसाभास और वैमनस्य ही की वृद्धि सदा सुलभ है। यद्यपि इस बार कोई व्यक्ति विशेष इसका लक्ष्य नहीं है, वारंच केवाल सामान्य भावा का रंग छिड़कावा है; तो भी आशा है कि इस पिचकारी के छीटों से लोग चैतन्य हो जाएँगे।



लाल गुलाल तो मानों होली वा फागुन का प्राण है क्योंकि इसकी शोभा का हेतु है। अवाश्य ही गड्डामियरी पौशाक पहनने वाले बहुतेरे अँग्रेज़ीबाज़ साँवाले लोग इसका लगवाना मानों अपने मुँह में कालिख लगवाने से कम नहीं जानते, किंतु उन्हें आर्य संतान ही नहीं मानते, इसी से उन्हें केवाल संसार का कूड़ा करकट समझ होलिकानल में झोंक देना मात्र ही इति कर्तव्य समझते। नहीं तो जो इस वार्षांत में हर्षोच्छलित मन बनाने वाले, स्वाभाविक मानवा मात्र को आनंद विह्वल वा प्रेमोन्मत्त के राज्याभिषेक के उपलक्ष्य में अपने इष्ट मित्रों के गालों पर लाल गुलाल न मले अथवा उसे वारण करे तो किसी कवि के कथानुसार उसे इसी पद्य का संबोधन उचित है कि—“नाहक तू जन्म लीन्यो मूरख अवानि महिं, बूड़ि क्यों न गयों उल्लू चुल्लू भर पानी में।” सुतराम् हम इस होली के हौस में भर अपने सुहृद सहयागियों और प्रिय पाठकगण के गाल लाल किए बिना नहीं रह सकते और हँसकर उन्हें प्रेमालिंगन किए नहीं मान सकते। अवाश्य ही वे बहुत दूर पड़े हैं, किंतु मन उनसे वाहीं मिलकर इन कार्यों के करने में समर्थ है, अत: वाह अपना कार्य का अपराध की क्षमा चाहता है।



हमारा होली का त्योहार हँसी-ठठोली, बोली-ठोली और गाली-गलौज के अर्थ भी विख्यात है। वास्तवा में हर्ष का चिह्न भी यही है, आनंद मनाने का नियम भी यही है और सच पूछिए तो इस होलिकोत्सवा का वास्तविक सत्कार भी यही है। हाँ, अवासर और पात्र तथा उसके प्रयोग के प्रकार का विचार अवाश्य है; क्योंकि इसके विरुद्धाचरण से फल विपरीत होता है। सो सहृदय पाठकों की कृपा से होली बीत जाने पर भी उसका अवासर उपस्थित है, अब पात्र का विवेक मात्र और सापेक्ष्य है। पात्र हमारे प्रिय पाठकों से बढ़कर कोई मिलता कब है। मिले भी तो उसकी इतनी प्रतिष्ठा कहाँ कि वाह इस सत्कार का भागी हो सके। इसी से अब हम उन पात्रों के तीन भेद कर अर्थात् पात्र, सुपात्र और कुपात्र तीनों के अर्थ अलग-अलग यथा योग्य तीनों सत्कार का प्रयोग करके होली मनाने का प्रयत्न करेंगे।



लोग तीन का नाम सुन चौकेंगे कि “भाई! यह तीन कैसा? नहीं नहीं! डरने की कुछ बात नहीं है। हम अपने ग्राहकों के तीन भेद कर उनके अर्थ होली के तीनों सत्कार का प्रयोग करेंगे। जैसे कि एक सामान्य सुपात्र की जिन्हें कुछ परलोक में यमदंड और इस लोक में उपहास का भय है, इस पत्रिका पर यथार्थ अनुराग के कारण जिन्होंने कादंबिनी का यदि सब नहीं तो कुछ मूल्य दिया है; उनको हम सामान्य बोली-ठोली ही से सत्कार करते हैं और वाह केवाल एकमात्र कि—कृपाकर निज कृपा विस्तारपूर्वक अब शीघ्र मूल्य दे दीजिए और हमारा अनंत धन्यवाद ग्रहण कीजिए। दूसरे श्रेणी के पात्र हमारे वे बेख़बर पत्र पाठक कि जो पत्र तो जब मिला खोलकर अपने मनोरंजन में प्रवृत्त हुए, किंतु दाम देने की कोई आवाश्यकता ही नहीं समझते। कदाचित् उनमें कुछ लोगों के ध्यान में—यदि कभी कुछ मूल्य देना पड़ेगा—समाता भी होगी, तो तबी कि जब उन पर कठिन चाँप चढ़े, क्योंकि सामान्य सूचना वा कार्डों का पचा जाना तो उनके अर्थ सदा सुलभ है। अत: उनकी सेवा में द्वितीय श्रेणी का सत्कार समपर्ण कर हम यह प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर के निहोरे कुछ धर्म का भय भी विचार अब मूल्य भेजने की दया दिखाएँ और हमें अनुगृहीत बनाएँ तथा अधिक न सताएँ। हम पात्रों से अधिक खोद विनोद न कर केवाल इसी कटु वाचनों द्वारा उन से छेड़खानी कर कृतकृत्य होने की आशा रखते हैं। आशा है कि तृतीय श्रेणी के प्रवेश से डरकर उदारता का परिचय देंगे। रहे वे जो ईश्वर ही के घर से तृतीय सत्कार गाली गलौच के पात्र वा कुपात्र हैं, उनकी तो कथा ही अकथ है। वे सदैवा लज्जा का पर उलट बेसुध औंधे पड़े रहने वाले, पत्रों के निवाले निगलते ही चले जाते नहीं अघाते और डकारते तक नहीं, सदैवा पराए पत्र पत्रिका को निज पिता की संपत्ति समझते दाम के नाम की भी चिंता चित्त में नहीं लाते। कितने ही तक़ाज़ों के पत्र और कार्ड नित्य जिनके रद्दीदान में पड़े सड़ा करते और वे कहीं से कुछ भी कान पूँछ नहीं हिलाते! बहुतेरे उनमें ऐसे भी नर पिशाच देखने में आते कि जो पाँच वार्ष पर्यंत निरंतर पत्रिका पढ़ वेल्यूपेएबिल पार्सल के मूल्य देने से मुकर कर अधिक हानि के घलुए दिलाने के भी कारण होते। तब सिवाए सौ गाली को छोड़ वे अन्य और किस सत्कार के पात्र हैं और उन्हें छोड़ तीसरे का स्वत्व किसे पहुँच सकता है? सुतराम् उनके इधर और उधर सात पुश्त को लाख गाली है। आशा है कि अब अपने यथोचित सत्कार को पा वे प्रसन्न हो किंचित कांख-कूँख कर अपनी संकुचित कृपा को विस्तार दे आगामि में इसकी आवाश्यकता न लाएँ।



इन सब से विलक्षण कुछ ऐसे भी व्यक्ति विशेष हैं कि जो इन अंतिम श्रेणी वालों के भी दादागुरु हैं। जिनसे प्रथम तो हम तक़ाज़ा ही नहीं कर सकते और यदि करते तो केवाल खीस बा कर केवाल हैं—हें की हिनहिनाहट सुनाते वा कहते कि हम तो इष्ट हैं, मित्र हैं, हमसे मूल्य! वे यह भी नहीं जानते कि अंतत: काग़ज़ रोशनाई और डाक का महसूल कुछ भी तो देना चाहिए, वाह खैराती खाते में भी जाते लजाते। पत्र प्रेरकों में भी सूरत नहीं दिखाते फिर ऐसों को कहिए कि क्या कहें? और उन्हें कौन सी गाली दें कि जो निर्लज्ज शिरोमणि विधाता के घर के बने हैं! अस्तु, ऐसे कंजूस मक्खीचूस ग्राहक भी क्या कुछ शर्माने की कृपा दिखाएँगे!



हमारे तरफ़ से जो त्रुटियाँ हुआ करतीं उसका हम स्वयं शोधन कर, पूरा मूल्य नहीं चाहते, वारंच हिसाब से घटाते हैं। यदि वाह चाहे कुछ जुर्माना भी लें किंतु क्या वे कुछ न देकर ही पत्र-पठन-न्याय संगत मानते हैं? वे पत्रिका लौटा ही देकर आगामि से क्षति न पहुँचाने की भलमनसाहत दिखा सकते थे। जो हो, आशा है कि हमारे सज्जन पत्र-पठन-समूह इस होली की गाली गलौज से अवाश्य शिक्षा ग्रहण कर अपनी वास्तविक कृपा दिखाएँगे। होली की इस ठठोली को निरी ठठोली ही जान वैद्य की गोली सी न पचा जाएँगे। यदि वे ऐसा करेंगे, तो सचमुच गाली खाएँगे, अन्यथा इस बोली-ठोली पर प्रसन्न हो बुरा न मान वे अवाश्य ही प्रसन्नता का प्रमाण दें हमें अनुगृहीत बनाएँगे।

भारत वर्ष की दरिद्रता – बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' हिंदी निबंध | Bhaarat Varsh Kee Daridrataa

जिसके धन और प्रशस्त भूमि की प्रशंसा, जिसमें प्राय: पृथ्वी मात्र की सभी वस्तु उत्पन्न होती हैं, संसार भर करता था; जहाँ सामान्य ऋतुओं के भोगने से देशियों को किसी दूसरे स्थान को जाने की आकांक्षा तक नहीं होती, और जहाँ की ख़ाने सभी अमूल्य रत्नों को उत्पन्न करती, कोई भी प्रस्तर ऐसे नहीं हैं जो यहाँ उत्पन्न न होते हों; जिसके समृद्धि पाने की लालसा ने पहले समर विजयी सिकंदर और सिल्यूकस को हिमपूरित पहाड़ों को ढकवा मैसीडोनिया के लंबे भालों को यहाँ चमकाया, और फिर पीछे लुटेरे पहाड़ियों को उपद्रव और प्रलय फैलाने को बुलाया; जिसके खोजने में विलायत की कंपनियों ने न जाने कितनी जहाज़ें डुबाईं, धन खोया और मनुष्यों को भी साथ ही साथ समुद्र में समाधि लेनी पड़ी, उसके दरिद्रता के कारण आज उपाए खोजी जा रही हैं। कौन समझ सकता था कि जो इतने रत्नों का आगार था, जिसके धन की प्रशंसा परदेशी कवियों ने की थी और जो इसी के लिए संसार भर में विख्यात था और जिसके ऐसे होने की शंका और प्रभुत्व पाने की इच्छा से आज कई पुरुषों से रूस घात लगाए हैं और अब ऐसा विकृत रूप धारण किए हैं, उसकी अब ऐसी दशा हो जाए कि जो अपनी उपज से इतर देशों को भी खिलाता था, वह अपने वासियों को दिन भर में एक बार भी न खिला सके। क्या भारतवासी व्यवसाय और परिश्रम बुद्धि और विद्या से हीन और शून्य तो नहीं हो गए; वा इस भूमि में वह शक्ति ही नहीं बच रही, जिससे जो केवल एक मनुष्य के परिश्रम से परिवार मात्र भोजन करते थे, अब सब के परिश्रम करने पर भी पूरे प्रकार से अटने के अतिरिक्त रात्रि दिवस पेट के चपेट से संवई और साग, खजूर और गेहूँ की गाँठ तक का लाला पड़ा है। ऐसी दशा कैसे हुई और कैसे जो सुख का आकर था आज दु:ख का विवर हो रहा है। इसी विषय पर आज हमें कुछ कहना है और उनके मिथ्या आश्चर्यों को झूठा बनाना है जो व्यर्थ अपने मन की बकते हैं और ऐसी साक्षात् वस्तु को झूठी ठहरा इस देश की समृद्धि को कहते हैं कि तब से उत्तम है। यहाँ की दरिद्रता के कारण को विचारने और कहने पर बातें प्रत्यक्ष हो जाएँगी।



यह बात प्रत्यक्ष है कि जो देश बहुत घना बसा है वहाँ के बासियों को यदि कई प्रकार के मार्ग धन के उपार्जन के न हों तो एक ही दो अथवा तीन के रहने से उनमें भीड़ बड़ी हो जाती है इसी से लाभदायक अथवा सर्वपोषक नहीं हो सकते। यहाँ के वासियों को मुख्य एक ही मार्ग और नाम के वास्ते तीन मार्ग द्रव्योपार्जन के बच गए हैं, वनित अथवा व्यापार, कृषि और नौकरी।



व्यापार की दशा जैसी कुछ इस देश में आगे थी उसके समक्ष में आधुनिक व्यापार को किसी अंश में कोई ममताओं को पहनते, बर्तते और काम में लाते थे एवं अन्य देशी वस्तुओं के अनुपस्थिति से इन्हीं को स्थान मिलता था और धनाढ्यों के घर में जितनी सामग्री सजावट के अर्थ काम में लाई जाती थीं देशी ही रहती थीं। परंतु परदेशी जहाज़ों के आगमन से यंत्र निर्माणित, अल्प व्यय के कारण सर्वजन सुलभ वस्तुओं के सामने यहाँ की बनी पुराने चाल की भूखे ग्राहकों को कैसे रुचिकर हो सकती थी। निदान सांसारिक विषय में कुशल चघड़ चतुर विलायतियों की सस्ती स्वच्छ वस्तुओं के हिंदुस्तानी पण्यों में प्रवेश पाने से और फ़्री ट्रेड की आशा इस देश के शासकों के देने से धीरे-धीरे देशी व्यवसाय निष्फल हो चले और व्यापार के क्षेत्र में पराजित होने से पूँजी तक गवाँ इतर दोनों मार्गों में इस कक्षा के मनुष्यों ने प्रवेश करना आरंभ किया और जो कुछ शेष बच गया है वह भी कुछ दिन में नष्टप्राय हुआ चाहता है। कारण इसका प्रत्यक्ष है हमारे देश का यह स्वभाव है कि कभी कोई कार्य दस जन मिलकर नहीं कर सकते और विलायती व्यवसायियों के सामने जो सदैव कंपनी द्वारा बड़े-बड़े साहस करते हैं कभी अकेले मनुष्य का किया कुछ नहीं हो सकता चाहे कितना ही धनी क्यूँ न हो; क्योंकि अकेले की अवधि बहुत थोड़ी होती है और कंपनियाँ बहुत काल पर्यंत भी जीवित रहती है। हमारे देश के मनुष्य क्यों एक साथ मिलकर कार्य नहीं कर सकते? क्यों इन्हें एक दूसरे पर भरोसा नहीं रहता। इसका कारण हम केवल दुर्भाग्य, दुर्बुद्धि और प्रमाद समझेंगे। इसमें संदेह नहीं है कि यदि दृढ़ता के साथ ऐसे कार्य किए जाए और स्वच्छ व्यवहार के साथ उचित मनुष्य नियुक्त किए जाएँ जो ऐसे कार्यों को कर सकते हों और हर प्रकार से इसके उत्तरदायी हो और साझियों को निश्चय करा दिया जाए कि उनका धन रक्षित रहेगा और उचित कार्य में लगाया जाएगा, इसके हानि-लाभ का वे भाग्यानुसार भागी होंगे, तो ऐसे कार्य असाध्य नहीं हो सकते परंतु वहाँ के वासियों के स्वभाव में तो एकाकी रहना अकेले बर्ताव करना, रात-दिन अपनी ही क्षुद्र रक्षा मे पड़े रहना अच्छा लगता है। इन्हें ऐसे कार्य न केवल असंभव जान पड़ते हैं वरन् इन्हें यह निश्चय हो गया है कि ऐसे संयोग में एक दिन का निबटना कठिन है, क्योंकि मूर्खता में उचित व्यवसाय की समझ इनमें नहीं है। अपने मन से जो चाहे वह करे परंतु उचित शिक्षा और मंत्र के मानने में अपना अपमान समझते हैं क्योंकि वे अपने अर्थ के जानने में संसार भर में किसी को कुशल नहीं समझते। यदि खाने-पीने का ठिकाना है तो मूर्खता की अवधि में अपने को उस नियमित न्यून स्थान का नरेश मान जगत को तुच्छ समझते हैं। प्राचीन समय में जब इन्हें अपने देश वालों से केवल बर्तना पड़ता था तब तक तो किसी प्रकार इस अविश्वास और मूढ़ता से कोई विशेष हानि नहीं हो सकती थी, परंतु परदेशियों के आगमन से ये बातें विशेष हानिकर हो गई हैं। देश भी इस प्रकार से दरिद्र हो गया है कि एकाएकी साहस करना कठिन हो गया है तो बिना समाजबद्ध हुए व्यापार की वृद्धि, देशी वस्तुओं का संग्रह, परदेशी वस्तुओं का त्याग कदाचित् होना संभव नहीं है। भारतवर्ष के 25 करोड़ वासियों मे कोई भी ऐसा न होगा जो विलायती कपड़े न पहनता हो और दूसरी आवश्यक सामग्रियों को इन्हीं विलायतियों के घर की बनी न लेता हो। जब आवश्यक शारीरिक वस्त्र को हमें परदेशियों से लेना पड़ता है, तब धन का रहना कैसे संभव है, निदान व्यापार का नाश हो जाना ही देश की दरिद्रता का मुख्य कारण है। नाम-मात्र का एक व्यापार जो यहाँ के व्यापारी करते हैं जिन्हें हम व्यापारी न कहकर दलाल कहेंगे, क्योंकि वे विलायती वस्तुओं के बेचने के बिचवई हैं, यद्यपि किसी प्रकार इनकी जीविका चली जाती है तथापि इस देश के धन की वृद्धि दलाली से नहीं हो सकती।



हमने व्यापार के विषय में कहा है कि व्यापारियों के व्यापार में हानि पहुँचने से उन सबों को इतर दोनों मार्गों को लेना पड़ा है यही कारण मुख्य है जिससे कृषिकारों को भी वही दु:ख भोगना पड़ा है जो सब भोग रहे हैं। खेती ही एक शरण व्यापारियों और चाकरों को मिली है। जितनी प्रजा हिंदुस्तान की है उनको किसी न किसी तरह पालना कृषिकारों के मत्थे पड़ा है। दयालु भारतभूमि ने अपने अंक में लक्ष्मी से तिरस्कृत, शक्ति और विद्या से शून्य हस्तकारी में मुग्ध, आधुनिक यंत्र और पदार्थ विद्या में अकुशल, इसी से इतर देशियों के बराबर काम करने में अशक्त अपने आलसी संतानों को स्थान दिया है। परंतु अब वह भी अपनी संतान की वृद्धि के कारण उनके सबके पालने में निश्चय असमर्थ सी देख पड़ रही है। प्राकृतिक शक्ति ने भी इसे जवाब दिया है। निरंतर पीड़ित होने से इसमें अब उपज की शक्ति भी वैसी नहीं रही और खेतों के कर के बढ़ जाने से उनके मालिकों में परिवर्तन हुआ करता है। किसानों को इस परिवर्तन से धनहीन हो जाने के कारण समय पर उचित दयाशील प्राणदाता के न मिलने से कुटिल और निर्दय छोटी पूंजी वाले बनिए तथा और अल्प महाजनों की शरण मिलने से कुटिल और निर्दय छोटी पूँजी वाले बनिए महाजनों की शरण लेनी पड़ती है, जो उनकी हड्डी तक चूस जाने में अन्याय और पाप नहीं समझते। नित्य प्रति देखने में आता है कि असामियों को बिसार के कारण कितना कष्ट उठाना पड़ता है, कितनी दूर इसी के लिए उन्हें निष्फल जाना होता है, चुटकी बजाना पड़ता है। और केवल इसीलिए कि उन्हें समय पर बिसार मिल जाए, जिसकी सवाई या यह डेढ़ी अपने दयाशील [?] महाजन को थोड़े ही दिनों में लौटा दें। कितने खेत बिसार न मिलने के कारण परती रह जाते हैं। यदि बिसार भी मिला तो समय पर और जितना चाहिए उतना नहीं मिलता। लाचार हो जहाँ 12 वा 13 पंसेरी बीआ डालना चाहिए वहाँ 6 वा 7 पंसेरी डाल संतोष कर लेते हैं। जानना चाहिए कि जिन्हें बिसार की इतनी कमी है उनके कर के लेन-देन की क्या दशा होगी। एक बार ऋणी हो जाने से किसान के गले की फँसड़ी महाजन के हाथ हो जाती है, और वह जीते जी इस ऋण से मुक्त नहीं होता क्योंकि इसकी गणना महाजन के अधीन रहती है। अनपढ़ा किसान मारे भय के चूँ तक नहीं कर सकता, अपनी बात नहीं खोता, महाजन नहीं बिगाड़ता, क्योंकि कल को फिर कहाँ जाएगा। यह बात सही है कि गल्ला महँगा बिकने से किसान को अब उतना ही अन्न में विशेष लाभ होता है। परंतु व्यय की वृद्धि से और ऊपर कहे गए कारणों के उपस्थित होने से किसानों को हर तिहाई केवल थोड़े दिनों के भोजन के अतिरिक्त सब अन्न कर तथा महाजन के ब्याज ही के अर्थ बिक जाता है और वह पूर्ववत् शाक तथा और मोटे अन्न जो अन्य देशों में पशुओं को दिए जाते होंगे खाकर दिन बिताता है। जहाँ पर जंगलों का आधिक्य है वहाँ पर पशुओं के कारण किसानों को जो कुछ कष्ट होता है अकथनीय है। निरंतर रक्षा पर भी शस्त्र-हीन होने से पशुओं से तिहाई का बचना कठिन है, ग्रामों के स्वामी लोग सरकारी तहसीलदारों से बिना कर दिए नहीं छुटकारा पाते। इसी से वे अपने असामियों से निर्दयता से, चाहे उनके खेतों में वर्षा तथा और कारणों से कुछ भी उत्पन्न न हुआ हो, कर भर लेते हैं। दैवात् दो तीन वर्ष यदि उक्त कारणों से किसान को कुछ भी न मिला तो उसे खेती त्यागना पड़ता है। अंतिम शरण से दुर्भिक्ष के कारण मुखमोड़ चोरी और भिक्षा की ओर दौड़ता है इसी से किसानों को वनपशुओं के समान मनुष्यों से भी तिहाई की रक्षा करनी पड़ती है। निदान करके बढ़ने से, परती ऊसर तक के उठ जाने से, इसी से पृथ्वी के तृणविहीन हो जाने से पशुओं के दुख पाने से, दरिद्रता के कारण जलाशयों के न होने से, अन्न का परदेश चले जाने से, नित्य परिवर्तन से, खेती ही की ओर और मार्गों के रुक जाने से सब के दौड़ने से किसान भी नित्यप्रति दीन और दरिद्र होता जाता है।



जब इस देश में परदेशी नहीं थे और राज्य का भार देशियों पर था, तब इसी देश के लोग नौकरी पाते थे। अब विदेशी राजा के होने से नौकरियाँ विलायतियों को विशेष कर दी जाती हैं। और देश के लोगों को परिश्रम कर उनके विद्याओं के पढ़ने पर भी नौकरी नहीं मिलती। यदि ये विदेशी यहाँ नौकरी कर यहीं रह जाते और अपने धन को इसी देश में रखते तो थोड़ा बहुत उपकार इस देश का उनसे होता, पर वे तो नौकरी कर कड़ाकुल पक्षियों की भाँति ऋतुपरिवर्तन होते ही पिन्शिन ले उड़कर अपने देश को चले जाते हैं। हमारे देश की दरिद्रता तब पूर्ण रूप से अत्यंत हो जाती है।



जब कोई नौकरी खाली होती है तो सहस्रों प्रार्थनाएँ उस स्थान के लिए की जाती है इतने लोग बेकार ही रहते हैं जो चारा देखते ही भूखे टूट पड़ते हैं। हमारे देश में उन जातियों के सिवा जो सदा से नौकरी कर आई है और सबों को इसकी विशेष चाह नहीं रहती थी, वरन् पराधीनता गर्हित मानते थे, दरिद्रता में अब सब नौकरी ही नौकरी चिल्लाते हैं। परंतु शासकों का विश्वास हमारे ऊपर है। हमें भारी पदों के देने से सिटपिटाते हैं यद्यपि जिनसे शंका उन्हें हो सकती है वहाँ हमारी पहुँच असंभव है। बहुत दिनों से यह देश आशा लगाए ताक रहा था कि कभी विलायत जाने का अड़ंगा छूटता तो इस देश के कुलीन बिना जाति च्युत हुए अच्छी नौकरियाँ पाते, यदि उनकी भाग्य अनुकूल होती और न्यायपरायण इंग्लैंड के साधारण जनों ने अपनी भाषा से आज्ञा दे दी परंतु असाधारणों की लोलुपता ने जो कलयुग में सब से बढ़ गई है, यद्यपि इसके अपरिमित कोषों के भरने में इस देश ने बहुत कुछ सहायता की है तथापि इसकी हाय-हाय नहीं नहीं छूटी, अस्थिमात्रविशेष को भी खंडित कर निगल जाया चाहती है, इस आशा को दृष्टि से देखा है और मुख्यत: इस अभागे देश के क्रूरग्रहों के निर्दय दृष्टि ने ऐसी लाभदायक आज्ञा को पलटना चाहा है।



निदान धनोपार्जन के उपायों की दशा तो यों है परंतु इसे कौन देखता है। साधारण लज्जा ढाँकने मात्र के निमित्त स्वच्छ धोती और धुले कुर्ते को नगरों में पहने लोग धन की जाँच करते हैं। गाँव में लँगोटी चढ़ाए पेट खलाड़े दुर्भिक्ष का रूप बनाए, चौथे उपवास पर भोजन पाने वालों को देख कोई नहीं कह सकेगा कि इस देश के चौथाई निवासियों के अर्थ सदा काल नहीं पड़ा रहता। परंतु दानशील देश इनकी यह दशा नहीं देख सकता, किसी न किसी प्रकार इनके प्राण की संरक्षा करने से नहीं भागता। परंतु जब एक देश का विशेष अंश सदैव के लिए ऐसी दशा में निमग्न हो जाता है तो राजा और दैव के अतिरिक्त इनका उद्धार कौन कर सकता है? राजा जैसा कुछ चेत किये हैं प्रत्यक्ष है। परमेश्वर की कृपा भाग्य और कर्म के अनुकूल होती है कर्म कर्म को क्या कहना है।

भारतेंदु अवसान – बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' हिंदी निबंध | Bhaaratendu Avasaan

हे इस सभा को शोभा देने वाले! और इस असह्य शोक में संगी होने वाले! सज्जन सभ्य समूह!!! निश्चय आज उस करुणामय विषय के वर्णन की आवश्यकता आन पड़ी कि जिसे स्मरण कर, न केवल मनुष्य मात्र को शोक मूर्छा आए किंतु प्रस्तर को भी यदि शान हो तो मोम सा अवश्य पिघल जाए, जिसके लिखने में हमारी यह लेखनी भी सिर झुकाए थरथराती और चिरचिराहट के मिस अंतर्नाद कर चिंघारती है। प्रत्यक्ष जिसकी छाती फट गई, और उसने काले आँसुओं की लड़ी से झड़ी लगा दिया हाय! हाय!! वह भारतीय प्रजा का एक ही प्यारा, और भारतआकाश का ऊँज्यारा, भारतेंदु रूपी इंदु, वह भारत-भामिनी के स्वच्छ ललाट का केशर बिंदु, वह अनगिनत गुणों का आकर, और पश्चिमोत्तर देश का प्रभाकर निश्चय आज अस्त हो गया, कि जिस से देश हितैषियों का समाज शोक ग्रस्त हो गया, आज आर्यों का मान अवश्य घट गया, आज आर्य विद्या का पुष्कर पट गया आज आर्यों का सच्चा हितैषी उनसे मुँह मोड़ गया, आज आर्यावर्त का आधार उसे छोड़ गया, आह! वह सर्व-जन-मन-रंजन खंजन उड़ गया, जिसके कारण उन्नति आशा का जहाज आज विपत्ति वारिधि में बूड़ गया। सच है! वह ऐसा ही अनुपम जन था, जो सचमुच इस देश का सौभाग्य धन था। न वह केवल कविता के सब देशों का अनन्य महाकवि था, किंतु हिंदी भाषा का तो अवश्य मानों छबि था, वह किसका नहीं प्यारा, वह रसिकों के नेत्रों का तारा, वह नागरी-बाला का शृंगार करने वाला, वह अभिमानी भारत के हाथ का भाला, वह आर्य वैरियों के शस्त्राघात की ढाल वह उर्दू का कराल काल क्या सचमुच स्वयम् काल के गाल में जा दबा! विधि! तूने यह कौन विचार विचारा है कि जिसमें हमारा कुछ भी नहीं चारा है मनुष्य विचारा इस स्थान पर हैरान है, जैसा किसी उर्दू शायर का बयान है—



“न गोरे सिकंदर न है कब्रोदारा मिटे नामियों के निशां कैसे कैसे” कजा जब कि आ जाती है जी की दुशमन, किसी की नहीं चलती कुछ मुश-फ़िके मन। गुज़र गाहे दुनिया में है मौत रह जन, छुटा क्या अजबरूह से जामए तन, लुटे राह में कारवाँ कैसे-कैसे”।



कबीर ने भी बहुत ठीक कहा है—



दस द्वारे को पींजरा तामै पंछी पौन।



रहिबे को अचरज महा, गए अचंभा कौन॥



इसमें कोई संदेह नहीं कि मनुष्य का शरीर अवश्य अनित्य और नाश होने वाला है, परंतु जीवन पर्यंत मनुष्य के मन में इसका मान कदापि नहीं होता कि हमें भी एक दिन मरना होगा। महाराजा युधिष्ठिर ने बहुत ही ठीक कहा—कि दुनिया देखती है कि सब लोग मरते चले ही जाते हैं, पर तो भी उन्हें रहने की उम्मेद बनी ही रहती है इससे बढ़कर आश्चर्य क्या है। परंतु वह हरिशचंद्र कि जिसे लोगों ने यथार्थ ख़िताब ‘माहेहिंद’ अर्थात् भारतेंदु पद प्रदान किया, नित्य अपने मृत्यु के दिन को याद करता, और यही कारण था कि वह अपने निश्चित सिद्धांतों का पक्का, और अपने कर्तव्य कार्यों के करने में सदैव बद्ध परिकर रहा। मेरी इन दोनों बातों का प्रमाण उसके एक कवित्त का यह पद है—“कहैंगे सबैही नैन नीर भरि-भरि पाछे, प्यारे हरिचंद की कहानी रह जाएगी” सच है! “जीते जी कद्र बशरा की नहिं होती प्यारे याद आएगी तुझे मेरी वफ़ा मेरे बाद।”



इसमें संदेह नहीं कि दुनियाँमुर्दा परस्त है, जैसे उसने भी अपने जीते संसार के सलूक यही कहा कि—हाँ! प्यारे हरिचंद्र का संसार ने कुछ भी गुण रूप न समझा और सचमुच अप्राप्त वस्तु की अधिक चाह होती है जैसे आज उस मृत महामान्य का शोक सबको व्याकुल कर रहा है। लेकिन ऐसे मनुष्य जिनकी कीर्ति संसार को उसकी याद दिलाया करती है, पूर्ण रूप से काल भी उसके नाश में समर्थ नहीं है, और सत्कवि तो मानो मरते ही नहीं यथा—



“जिंद: दिल लोग पढ़ा करते हैं गजलै दिन-रात, कभी शायर नहीं मरता वे ख़ुदा सच है य: बात। आबदारी से है हर मिसरये तर आबेहयात, नाजगी है सुखने काहन: में य: बादे वफ़ात; लोग अकसर मेरे जीने का गुमां रखते हैं”।

हिंद, हिंदु और हिंदी – बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' हिंदी निबंध | Hinda, Hindu Aur Hindee

ये तीनों हकारादि शब्द ने केवल अकेले हमीं, को वरंच हिंद-निवसी समस्त हिंदुओं को श्रवणानंददाई है। इन तीनों के आदि का ‘ह’ अक्षर मिलकर ह-ह-ह—प्रसन्नता-सूचक हास्य का रूप व अंग होता है। यों ही कभी-कभी यही शब्द कष्ट व उपहास का भी वची हो जाता है; यों ही तीन ‘हिं’ मिलकर हिं-हिं-हिं—जैसे आनंद सहज हास्य का स्वाभाविक कल स्वर है उसी भाँति दुःख और दैन्य प्रकाशक भी हैं। वस्तव में यह साधारण रीति से समस्त सामान्य और विशेषजनों को एक ही प्रकार से आनंदोन्मत्त व दीन बनाने में समान रीति से समर्थ है कि जिसे सुन औरों के मुख से भी उसी भाव और प्रभाव से वे ही शब्द उच्चारित होते हैं। परंतु हाँ शोक कि न जाने क्यों ईश्वर की अकृपा से अब अधिकांश पिछले ही व्यर्थ से इसका अर्थ कठिन कष्ट का कारण है।



यद्यपि इनमें एक ही हकारादि शब्द के विषय में कुछ कहने को बहुत समय और स्थान चाहिए, और इन तीनों ही के विषय में पृथक्-पृथक् हमें बहुत कुछ कहना है, और एक ही के लिए अनेक बार और अनेक प्रकार से अनेक प्रबंध लिखने की इच्छा है, अत: एक स्थान पर तीनों का एक बार ही प्रवेश कर देना कुछ अनुचित क्यों न हो; परंतु इनमें परस्पर एक दूसरे के संग अति निकटस्थ संबंध रहने और तीनों के आदि, अंत और मध्य तीनों काल में अन्योन्याश्रय के वर्तमान रहने से इन तीनों के विषय में एक साथ विचार करना भी कुछ विशेष अयोग्य न होगा। इनमें एक को दूसरे से क्या संबंध है? प्रथम इसी के समझने-समझाने की बड़ी आवयश्कता है। मानों एक हकार की तीन हिं शाखा हैं, व क्रमश: एक से एक की उत्पत्ति से मानो पिता पुत्र और पौत्र का सा संबंध है—अत: सभी एक से एक आवश्यक और एक दूसरे के प्रबलतर सहायक हैं। यों ही बिना एक दूसरे की शोभा व सम्मान का वर्तमान रहना फीका और कुछ असंभव भी है। क्योंकि इसमें कुछ विशेष कहने की आवश्यकता नहीं है कि किसी देश की उन्नति तहाँ तक हो ही नहीं सकती कि जहाँ तक उस देश के निवसियों की उन्नत दशा नहीं और यावत्पर्य्यन्त उस देश की भाषा की उन्नति नहीं, तब तक उस जाति की उन्नति कैसे मानी जाएगी? हब हिंद व भारत की दशा उन्नति पर थी, हिंदू व आर्य जाति की दशा तथा हमारी हिंदी भाषा अर्थात् संस्कृत व नागरी इत्यादि की भी उन्नति थी; अब जबसे कि भारत की दशा आरत हुई है, इन दोनों का भी अध: पतन हुआ; व यों कहिए कि जब से हिंदू जाति का प्रारब्ध, प्रताप व पराक्रम का सूर्य पश्चिम समुद्र में जा अस्त हुआ, हिंद और हिंदी की उन्नति के दिन का अंत हो क्रमशः उनका दीनदशारूपी अंधकार बढ़ता गया। वस्तव में यह विभेद कहीं अयुक्त भी होता, क्योंकि केवल एक आर्य जाति की उन्नति व अवनति के आधार पर उन दोनों की उन्नति अवनति निर्भर है इसलिए हमने इन तीनों को एक ही में मिलाया है इसलिए कि इन तीनों का स्वयम्-सिद्धि संबंध है।



बहुतेरे जन कहते और हम नित्य सुनते हैं, कि हिंद व भारत अब क्रमशः उन्नति कर रहा है, परंतु क्या यह सच है? हमारे पाठकों में अनेक जन कह उठेंगे, कि ‘हाँ! हाँ इसमें भी क्या कुछ संदेह है! तुम्हें इतनी समझ व परिज्ञान नहीं! देखते नहीं हो क्या से क्या हो गया, और निरंतर क्या हुआ जाता है?’ हाँ हम भी आधे मुँह इसे स्वीकार कर लेंगे, पर क्या हमारा हठीला मन भी मान लेगा? नहीं-नहीं और कदापि नहीं। वह हो सकता है कि ‘अजी ओस चाटने से कहीं प्यास बुझी है!’ अथव ‘दूसरे को लाठी टेक कर उसके विरूद्ध निज मनोवांछित स्थल को पहुँचने का आशा और उद्योग किस अर्थ का?’ व ‘उच्छिष्ट भोजन कर गर्हित जीवन धारण से क्या लाभ!’ अथव ‘स्वप्न और प्रेतबाधाभियुक्त व उन्मत्तावस्था के विचार और वक्य का क्या ठिकाना!’ सारांश ममत्व, अपनपौ, अपना, हमारा, हम, हमसे और हमीं से, हमारा और हमारा ही कहाँ तक कहें कि तीन ‘ह’ कार वह और एक यह बस इसके अतिरिक्त और कुछ नहीं, और कदापि नहीं। न अन्य, शब्द, वर्ण, मात्रा, अनुस्वार व विसर्ग देखा, और, न सुना जा सकता, और न ईश्वर चिर दिन चित्त के विरुद्ध इसके स्वीकार का अवसर दे, बस इसी प्रकार और कहाँ तक कहें कि जिसका अंत नहीं।



पाठक जन कहेंगे कि “यह कैसी व्यर्थ और बेजोड़ बातें बक चले हो।” हाँ यथार्थ में यह उन्मत्त प्रलाप ही है, परंतु हाय! इस, इसमें भी संदेह नहीं कि इसी के बिना उक्त चारों की दशा हित और हीन हो रही है! हे ईश्वर तू उक्त चारों हकार से इन्हीं बेजोड़ शब्दों की ध्वनि का संबंध जोड़ दे! और इनके तथा उन चारों हकार के अतिरिक्त अन्य समस्त वस्तु का नाता तुरंत तोड़ दे! हमारे लेख को निपट अटपटा अनुमान करने लगे होंगे। फिर यदि इस संबंध में इसी प्रकार की कुछ और बातें करें तो और उपद्रवों के अतिरिक्त भय है, कि पाठक वर्ग कदाचित् सचमुच हमें पूरा पागल ही न अनुमान कर लें! अत: कुछ सीधी बातें कह कर इस संबंध को समाप्त कर देना ही समीचीन बोध होता है।

समाचार पत्र या अख़बार किसे कहते हैं – बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' हिंदी निबंध | Samaachaar Patr Yaa Akhabaar Kise Kahate Hain

समाचार पत्र को जिसे प्राय: अन्य ऐसे मनुष्य कि जो भलीभाँति इसके स्वाद से वंचित हैं, केवल यही समझ लिया है, कि कलकत्ते में एक लड़की हुई जिसके एक सींग, दो नाक, तीन हाथ, चार पैर और पाँच आँखें हैं। ऐसी-ऐसी बेसिर-पैर की ख़बरें और समाचार पंसारियों की पुड़ियाँ बाँधने के लिए छपे काग़ज़ की पोटली या पुलिंदा को समाचार पत्र, न्यूज़ पेपर और अख़बार कहते हैं। परंतु वस्तुत: जब विचार कर विचार जनों के विचार के अनुसार विचारो तो यह आजकल के काल का कल्पद्रुम है, और सभी अच्छी और उत्तम देशोन्नति, विद्या, बुद्धि, सभ्यता के प्रचार का उपाय, और देश व जातियों में एकता के उत्पन्न करने को और फूट के फल के सेवन से उत्पन्न रोगमात्र की एकमात्र औषधि और राजा और प्रजा के बीच की सत्य इच्छा और दुख-सुख तथा प्रसन्नता और अप्रसन्नता प्रगट करने का एक उत्तम संबंध है; जो दीन अवस्था में पड़े एक देश के भाइयों की दशा को जता दूसरे देश-बांधवों से उनका उपकार कराने वाला धर्म, कार्य, एक छोटी सी बात को भी दूर-दूर के बड़े-बड़े मनुष्यों पर विदित करने में समर्थ दूत यही है।



अमेरिका वालों ने आज कौन सी कल की नई रचना की और योरोप ने कल कौन सी नई उन्नति की है, लंदन और फ़्रांस में क्या रौनक है, अयोध्या और इंद्रप्रस्थ की क्या उजाड़ सी सूरत है, अँग्रेज़ कैसे विद्वान, ज्ञानमान, वीर और क्या साहसी हैं, हिंदू कैसे मूर्ख, निर्बुद्धि, कायर और आलसी हो गए हैं, हम लोगों को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए, व मूँछ पर ताव देना चाहिए; चोली, कुर्ती, ओढ़नी, ओढ़ पर्देनशीन होना चाहिए व निर्लज्ज हो कोट, पतलून, चुर्ट धारण कर व्यर्थ मिथ्या अँग्रेज़ बन मिस्टर गड्डामियर कहलाना चाहिए; इन बातों को एक जिह्वा से कह करोड़ कानों में पहुँचा देना यह इसी का काम है! यह वह सैरवीन है जो घर बैठे सारे संसार का सैर कराती है, और यह वह नाट्यशाला है जो देश के प्रत्येक दशा का दृश्य दिखा योग्या-योग्य कार्य और कर्तव्य कथा के प्रबंध का तमाशा दिखाता है, फिर क्या धर्म क्या कर्म क्या विद्या और क्या नीति, शिल्प, कृषि, वाणिज्य, व्यापार, आदि सभी शिक्षा का श्रेष्ठ शिक्षक, कभी वह धर्मशास्त्री बन धर्म का मार्ग दिखाता, और मौलवी या पादरी हो दाढ़ी हिला-हिला कर वाज़ सुनाता; कभी नाना विद्वानों के कथन से अपनी योग्यता प्रगटाता, कारीगरों को दूर-दूर की अनोखी और विचित्र कारिगरियाँ जिन्हें वे नहीं जानते जनाता, कृषिकारों को कृषि कर्म, व्यापारियों को संसार भर के सौदे सुलफ़ के भाव और पड़ता तथा वाणिज्य की विधि बतलाता, विद्यार्थियों को विद्या, वकील मुख्तारों के लिए नियम और नीति के नवीन आशयों को प्रगट करता, राजाओं को राजनीति शिक्षा दान छोड़ गवर्नमेंट की इच्छा का प्रकाश, और गवर्नमेंट से प्रजा की दुर्दशा, अप्रसन्नता प्रगट करता है; हास्य प्रिय जनों को हास्य, रसिकों को रस, कवियों को काव्य, सभ्यों को सभ्यता के लेख, कहाँ तक कहें कि समस्त मनुष्यों को उनके इच्छा के अनुसार रूप भर प्रसन्न ही करता है, सदा सब के उपकार के अर्थ शोच निमग्न होकर हित वचन सोच विचार कर कहा जाता है और अपने ऊपर आपत्ति सहकर भी उचित धर्म का परित्याग नहीं करता। जिस बात को कोई भी नहीं कहता उसे कह ही डालता और किसी के ग्राम संदेश और इच्छा को संसार से भी कह कर उसके नाम को गुप्त रखते हैं, कहाँ तक कहें ये सदा सबको नई बात सुनाते, सिखाते और जताते हैं।

हमारी प्यारी हिंदी – बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन' हिंदी निबंध | Hamaaree Pyaaree Hindee

अनेक जनों के कान में हमारी नागरी भाषा की भाँति भारतीय भाषा का प्रयोग भी खटकेगा, परंतु यह भी केवल उसी अधम अभ्यास का आभास है कि जो दुर्भाग्य से अद्यपि हिंदी को उर्दू बनाए हुए है, नहीं तो हिंदी और भारतीय भाषा में भी उतना ही भेद है कि जितना आफ़ताब और सूर्य में। अब यदि कोई सूर्य के स्थान पर आफ़ताब ही कहता और नहीं चाहता कि सूर्य शब्द उसके कानों को दुःख दे, तो किसी का क्या चारा है? नहीं तो जिस मूल पर आज यह भाषा सचमुच एक भाषा कही जाने योग्य हुई, व हो रही है; और केवल यही कुविचार उसका कुटार अथव उन्नति अवरोधक भी है। यद्यपि यह आग्रह और हठ अब घट रहा है, तथापि यह अभी बहुत दिनों तक इसका पीछा नहीं छोड़ता दिखता परंतु इस हठ और आग्रह का तिरस्कार कर तथा उससे अपने उत्साह को मंद न करके उद्योग तत्पर रहना ही इसके हित साधकों की मुख्य चेष्टा है।



अनेक जन यह भी पूछ बैठेंगे कि—“भारतीय भाषा तो उसी को कहेंगे कि जो समस्त भारत की भाषा हो, केवल पाश्चिमोत्तर प्रदेश व उसके इधर-उधर ही जिसका प्रचार है वह भारत भर की भाषा क्योंकर कही जा सकती है; जब कि आज भी भारत में मारवड़ी, मेवाड़ी, पंजाबी, गुजराती, मरहठी, तैलंगी, द्राविड़ी, कर्नाटकी, ओड़िया, बँगला, आदि प्रधान तथा इनके अनेक आभ्यंतरिक भेद वर्तमान हैं? यद्यपि यह आपत्ति कुछ बहुत ही वे जोड़ नहीं है, परंतु उन्हें समझना चाहिए कि हिंदी शब्द भी इससे हीन नहीं हो सकता, क्योंकि हिंद की भाषा हिंदी, तब उससे एक प्रदेश की भाषा का ग्रहण कैसे हो सकता है? जो कहिए कि यह किसी विशेष भाषा के अर्थ में रूढ़ि हो गया है, तो ब्रज भाषा और बुंदेलखंडी व बिहारी भाषा भी इससे पृथक् नहीं है। क्योंकि आप इन्हें एक पृथक् व स्वतंत्र भाषा नहीं कह सकते।



वस्तव में इसमें बड़ी उलझन है, और यही कारण है जो, आज हमने भारतीय भाषा का प्रयोग किया है, क्योंकि इसके अतिरिक्त कि हिंदी विशुद्ध हिंदी शुद्ध अथव संस्कृत शब्द नहीं है, यह किसी विशेष भाषा का बोधक भी पूर्ण रूप से नहीं हो सकता, क्योंकि अनेक भाषाओँ पर उसका बोधक भी पूर्ण रूप से नहीं हो सकता, क्योंकि अनेक भाषाओँ पर उसका समान अधिकार है, जैसा कि बिहारी हिंदी-ब्रजभाषा-बुंदेलखंडी-कन्नौजी (सूर्यधारी) व भोजपुरी भाषाएँ भी हिंदी के आभ्यंतरिक मुख्य भेद व शाखा ही हैं।



अतएव जिस समय व स्थान पर हिंदी से समग्र हिंदी व भारत भर की भाषाओं से संबंध हो वहाँ हिंदुस्तानी की नाई भारतीय भाषा प्रयोग करना समीचीन होगा, जो कि कालक्रम से सब प्रकार सुसंपन्न भाषा बन गई हैं। चाहे उनकी माता व मूल एक क्यों न हो, परंतु हिंदी से उन्हें कुछ भी संबंध नहीं है। इसी भाँति भारतवर्ष के मध्य देश में अर्थात् बिहार, पश्चिमोत्तर, अवध, मध्यप्रदेशादि देशों के अनेक प्रांतों में जो कुछ न्यूनाधिक फेरफार से बोली जाती और परस्पर एक दूसरे प्रांत के निवसियों से सुगमतापूर्वक समझी जाती, उन सब भाषाओँ के समूह को हिंदी कहेंगे? उनमें बहुतेरी तो निज प्रांत के नाम से मिलकर विशेषता की उद्बोधक होगी, परंतु पूर्वक समझी जाती, उन सब भाषाओँ के समूह को हिंदी कहेंगे? परंतु काशी, प्रयाग, अयोध्या के मध्य और कुछ समीप की भाषा में किसी विशेष शब्द के आयोजन की आवश्यकता नहीं है। अत: इसी देश को उसकी राजधानी भी माननी होगी, अथव यों कहिए कि इस प्रांत के निवासियों की घरऊ बातचीत की भाषा ही विशुद्ध हिंदी है, क्योंकि इसी के मूल पर प्रसरित और पल्लवित होकर अन्य प्रांतों की विशेष भाषाएँ कुछ-कुछ विभिन्न हो एक नवीन उपाधि से युक्त हो पृथकता की झलक देती हैं। सारांश सामान्य हिंदी से केवल इसी देश की भाषा का ग्रहण होगा; पर अन्य विशेष हिंदी भाषाओं में किसी विशेष उपाधि की भी आवश्यकता होगी, इसका एक प्रबल प्रमाण यह भी है कि—अन्य प्रांतों की भाषाओं के लिए तो, जैसा कि ऊपर गिना चुके हैं पृथक् नाम हैं, परंतु इसके लिए कोई विशेष नाम नहीं है।



यद्यपि दस-दस बीस-बीस कोस ही की दूरी पर भाषा में कुछ-कुछ अंतर अर्थात् उसके उच्चारण अथवा लब व लहज़े में भिन्नता हो जाती है, परंतु शब्दों और क्रियाओं का जब तक विशेष रूपांतर न हो तब तक उसमें भेद नहीं कहा जा सकता, वरंच किसी एक प्रदेश के एक प्रांत के निवसियों से दूसरे प्रांत के रहने वलों को यथार्थ समझ पड़ने पर वे दोनों प्रांतिक भाषाएँ उस एक ही भाषा के दो भेद व शाखा मानी जाएँगी; जैसे कि एक वृक्ष की अनेक शाखाएँ, चाहे वह आकार में सीधी व टेढ़ी क्यों न हों पर एक ही प्रकार के पत्र-पुष्प से युक्त होने के कारण वृक्ष की संज्ञा में वे अंतर्गत हो जाती है। अब देखिए कि ब्रजभाषा व बिहारी अथव कन्नौजी और बुंदेलखंडी चाहे परस्पर एक दूसरे से कुछ विशेष विभिन्नता दिखलातीं, परंतु विशुद्ध हिंदी अर्थात हमारे प्रांत की हिंदी के सन्मुख वह विभिन्नता बहुत ही न्यून हो जाती है, ठीक जैसे कि एक माता की अनेक पुत्रियाँ जो भिन्न देशों में ब्याही गई और सदैव ससुराल में रहने से यद्यपि परस्पर उनकी भाषाओं में बहुत कुछ भेद पड़ गया हो, परंतु संयोग से वे सब जैसे अपने मायके व पितृगृह में आकर बिना कष्ट के आपस में मिल प्रेम से बिना किसी परिश्रम के अपने भाव एक दूसरे पर प्रकट करतीं, और समझ कर प्रसन्न हो अपनी अभिन्नता दिखलाती हों।



इसके अतिरिक्त यह स्मरण रहे कि यह सब बातें केवल ग्राम्य भाषा व सामान्य भाषा ही से संबंध रखती हैं, परंतु विशेष में सब की भाषा एक ही हैं, जैसे कि इन सब की नागरी भाषा एक ही है जिसमें कहीं बाल बराबर का भी भेद नहीं है।

Popular Posts

Categories

संपर्क फ़ॉर्म

नाम

ईमेल *

संदेश *